Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज नगर पंचायत में गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित अध्यक्ष और 16 वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम प्रखंड सभागार में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किया गया और पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला।
उपायुक्त ने दिलाई अध्यक्ष को शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत पलामू उपायुक्त सामीरा एस ने की। उन्होंने नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी वार्ड पार्षदों ने भी क्रमवार शपथ ग्रहण किया।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
विकास को प्राथमिकता देने का वादा
शपथ लेने के बाद अध्यक्ष शीला चौधरी ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने शहर में साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और समग्र विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
16 वार्ड पार्षदों ने संभाली जिम्मेदारी
समारोह में वार्ड 1 से आस्मिन परवीन, वार्ड 2 से वृजनंदन साव, वार्ड 3 से अमरजीत कुमार, वार्ड 4 से पिंकी कुमारी, वार्ड 5 से पुष्पा देवी, वार्ड 6 से कृष्ण कुमार, वार्ड 7 से सुशील कुमार रवि, वार्ड 8 से स्वेता देवी, वार्ड 9 से पवन कुमार, वार्ड 10 से अवधेश कुमार मेहता, वार्ड 11 से रामजी पासवान, वार्ड 12 से सूरज देवी, वार्ड 13 से हसीना खातून, वार्ड 14 से रिंकू देवी, वार्ड 15 से त्रिपुरारी राम और वार्ड 16 से अनुराधा कुमारी ने शपथ ली। सभी ने अपने-अपने वार्ड के विकास का संकल्प लिया।
उपाध्यक्ष पद पर सुशील कुमार रवि की जीत
शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया। मतदान के बाद हुई मतगणना में सुशील कुमार रवि को 10 वोट मिले, जबकि वृजनंदन साव को 6 वोट मिले। इस तरह सुशील कुमार रवि ने 4 वोटों से जीत दर्ज की।
जीत के बाद दिलाई गई शपथ
निर्वाची पदाधिकारी विजय केरकेट्टा ने सुशील कुमार रवि को विजयी प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद अध्यक्ष शीला चौधरी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एलआरडीसी विजय केरकेट्टा, अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा, बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।