Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। देर रात नगर थाना क्षेत्र में मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि राम सिदो-कान्हू पार्क के पास कुछ युवक आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे।
दौड़ाकर पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को पीछा कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनिरामपुर निवासी साल्फी शेख और अंजना गांव निवासी सागीर शेख के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: धनबाद: ईसीएल क्वार्टर में युवक की संदिग्ध मौत, खून से लथपथ मिला शव
तलाशी में मिला देशी कट्टा
तलाशी के दौरान साल्फी शेख के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में वह हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया।
मामला दर्ज, दोनों गिरफ्तार
नगर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक अयोध्या सिंह के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
इलाके में बढ़ी सतर्कता
इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी और बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि अब हर छोटी सूचना पर भी तुरंत कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।