- 12 मार्च को शपथ ग्रहण के साथ हो सकता है उपाध्यक्ष का चुनाव, 21 पार्षदों में 11 का समर्थन जरूरी
Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :पाकुड़ नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। 12 मार्च को नव निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होना है और उसी दिन उपाध्यक्ष पद के चुनाव की भी संभावना जताई जा रही है। ऐसे में संभावित उम्मीदवार पार्षदों का समर्थन जुटाने में जुट गए हैं। नगर परिषद में कुल 21 पार्षद हैं। उपाध्यक्ष बनने के लिए किसी भी उम्मीदवार को कम से कम 11 पार्षदों का समर्थन हासिल करना होगा। यही कारण है कि दावेदार लगातार पार्षदों से संपर्क कर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें :वेतन कटौती से बिजली कामगारों में नाराजगी, श्रमिक संघ ने प्रबंधन को भेजा ज्ञापन
राणा ओझा और असलम के बीच मुकाबले की चर्चा
फिलहाल उपाध्यक्ष पद की दौड़ में वार्ड संख्या 5 के पार्षद राणा ओझा और पार्षद असलम का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है।शहर के राजनीतिक गलियारों और बाजारों में भी इन दोनों नेताओं के बीच मुकाबले की चर्चा तेज है। बताया जा रहा है कि राणा ओझा को अब तक करीब नौ पार्षदों का समर्थन मिलने की बात सामने आ रही है, जबकि असलम भी समर्थन जुटाने में सक्रिय हैं।
शपथ ग्रहण के साथ हो सकता है चुनाव
12 मार्च को नव निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान भी कराया जा सकता है। चुनाव पूरी तरह मतदान प्रक्रिया के जरिए होगा और जिस उम्मीदवार को बहुमत मिलेगा, वही नगर परिषद का नया उपाध्यक्ष चुना जाएगा। नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद को लेकर शहर में लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर किस पार्षद के सिर पर उपाध्यक्ष का ताज सजेगा। आने वाले एक-दो दिनों में पार्षदों के समर्थन का समीकरण और साफ होने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post