- घर से चाय पीने निकले थे देवराज सरकार, घात लगाए हमलावरों ने किया हमला
Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :झारखंड के पाकुड़ जिले में होली के दिन एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा-नंदीपाड़ा इलाके में 44 वर्षीय देवराज सरकार उर्फ निमुवा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घात लगाए बैठे थे 8-10 हमलावर
स्थानीय लोगों के अनुसार देवराज सरकार घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब 8 से 10 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने पकड़कर उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके पीठ पर तीन और सीने पर दो गहरे घाव मिले हैं। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल देवराज को इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत बेहद नाजुक थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में होली के दौरान पुलिस और ग्रामीणों में झड़प, गर्भवती महिला समेत 6 घायल
पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद
मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने बताया कि हमलावरों की संख्या आठ से दस थी और उनमें से कुछ की पहचान कर ली गई है। परिवार के अनुसार देवराज का कुछ लोगों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर पहले भी कहासुनी और झड़प हुई थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। होली जैसे त्योहार के दिन हुई इस हत्या से इलाके में भय का माहौल बन गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post