Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मालपहाड़ी रोड स्थित मुख्यमंत्री दाल-भात योजना केंद्र में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह केंद्र का ताला टूटा मिला और करीब 20 से 30 हजार रुपये मूल्य के बर्तन गायब पाए गए। यह इस केंद्र में तीसरी बार चोरी की घटना है।
सुबह खुलने पर हुआ खुलासा
केंद्र की संचालिका टुकु सरकार ने बताया कि रोज की तरह जब वह सुबह केंद्र खोलने पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो खाना बनाने के डेग, थालियां, कड़ाही, कल्छुल, चम्मच और ग्लास समेत कई जरूरी बर्तन गायब थे।
यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर में युवक का संदिग्ध हालत में शव बरामद, बहन के घर जाते समय हुआ लापता
गरीबों के भोजन पर असर
यह केंद्र राज्य सरकार की दाल-भात योजना के तहत संचालित होता है, जहां मात्र 5 रुपये में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है। यहां रोजाना करीब 300 लोगों को खाना खिलाया जाता है। ऐसे में बार-बार हो रही चोरी से केंद्र का संचालन प्रभावित हो रहा है।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
संचालिका के अनुसार, इससे पहले भी दो बार इसी तरह ताला तोड़कर चोरी की जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जर्जर भवन और कमजोर सुरक्षा
संचालिका ने बताया कि जिस भवन में केंद्र चल रहा है, वह काफी जर्जर स्थिति में है। कई बार प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। कमजोर सुरक्षा के कारण चोर बार-बार वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।