Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने राज्य में B.Ed, M.Ed और B.P.Ed कोर्स में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 26 अप्रैल को निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मई कर दिया गया है। पर्षद के अनुसार, परीक्षा रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा में आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़ें :रांची में ज्वेलरी चोरी गैंग का पर्दाफाश, नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
आवेदन की तारीख बढ़ी
छात्रों को राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 7 अप्रैल कर दी गई है। पहले यह डेडलाइन 25 मार्च थी। अब अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। फॉर्म भरने में हुई गलती को सुधारने के लिए 8 और 9 अप्रैल को करेक्शन विंडो खुली रहेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपने आवेदन में जरूरी बदलाव कर सकेंगे। अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से चार दिन पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। यह पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
परीक्षा पैटर्न और सीटों का आरक्षण
यह परीक्षा OMR आधारित होगी, जिसमें 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। कुल सीटों में 85% सीटें झारखंड के विश्वविद्यालयों से पास छात्रों के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि 15% सीटें अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए ओपन कैटेगरी में होंगी।
D.El.Ed को लेकर भी अपडेट
राज्य के सभी प्रमंडलों में एक-एक DIET संस्थान में D.El.Ed कोर्स शुरू किया जाएगा। प्रत्येक संस्थान में 50 सीटों पर नामांकन होगा। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में यह कोर्स DIET, रातू में संचालित किया जाएगा। परीक्षा की तारीख और आवेदन की समय सीमा बढ़ने से छात्रों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। पर्षद ने स्पष्ट किया है कि बाकी नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
Reporter | Samachar Post