Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के नामकुम थाना में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 12 वर्षीय बच्चे के अपहरण और हत्या के आरोपी ने थाना हाजत में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
बच्चे का अपहरण कर रामगढ़ में की थी हत्या
मृतक आरोपी की पहचान जगय मुंडा के रूप में हुई है। वह खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र के कोल्हापूर्ति गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि गांव की ही एक महिला के साथ उसका अवैध संबंध था और वह फिलहाल उसी के साथ नामकुम थाना क्षेत्र में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक रविवार को महिला से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। इसी गुस्से में उसने महिला के 12 वर्षीय बेटे रमेश हजाम का अपहरण कर लिया। इसके बाद वह बच्चे को रामगढ़ थाना क्षेत्र के घाटो इलाके में ले गया, जहां उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया।
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए भरा नामांकन, अमित शाह रहे साथ, जदयू में चर्चा शुरू
पूछताछ में कबूला था अपराध
बच्चे के गायब होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शक के आधार पर जगय मुंडा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपहरण और हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस रामगढ़ के घाटो इलाके में पहुंची, जहां जमीन में दफन बच्चे के शव को बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर नामकुम थाना लेकर आई और हाजत में रखा गया।
हाजत में लगाया फंदा
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात आरोपी ने थाना हाजत के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जब पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे से लटका हुआ मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने हाजत के अंदर फांसी कैसे लगाई और सुरक्षा में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।