Samachar Post डेस्क, रांची :मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कई देशों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इसी दौरान पूर्व मिस यूनिवर्स और बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता अपनी बेटी के साथ दुबई में मौजूद हैं। अभिनेत्री ने वहां के हालात को लेकर सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा किया है। लारा दत्ता ने अपने पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ दिन बेहद तनावपूर्ण रहे। आसमान में लगातार उड़ते फाइटर जेट्स, तेज धमाकों की आवाजें और खिड़कियों का हिलना माहौल को डरावना बना देता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यूएई की सरकार स्थिति को संभालने के लिए लगातार काम कर रही है और नागरिकों की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है। अभिनेत्री ने सुरक्षा में लगे लोगों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में जो लोग देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं, वे सम्मान के पात्र हैं।
यह भी पढ़ें :हनीमून पर दुबई गया रांची का नवदंपति फंसा, खाड़ी में बढ़ते तनाव से उड़ानें रद्द
सोनू सूद ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ
इस बीच बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद भी दुबई में फंसे लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित और मुफ्त रहने की सुविधा देने की पेशकश की है। सोनू सूद ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि संकट के इस समय में लोगों की मदद करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और उन्हें खुशी है कि वे इस मुश्किल घड़ी में लोगों के काम आ पा रहे हैं।
प्रशासन स्थिति पर रख रहा नजर
दुबई में रह रहे कई नागरिक और पर्यटक इस समय तनावपूर्ण माहौल का सामना कर रहे हैं। हालांकि स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इस बीच बॉलीवुड सितारों द्वारा की जा रही मदद और जागरूकता से लोगों को उम्मीद और राहत मिल रही है।
Reporter | Samachar Post