Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी: खूंटी जिले के अनिगड़ा इलाके में सोमवार को एक भटका हुआ हाथी खुले कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बुलडोजर से आसपास की खुदाई की जा रही है।
रांची के हटिया इलाके में भी दिखा था हाथी
बताया जा रहा है कि यही हाथी कुछ दिन पहले रांची के हटिया इलाके में देखा गया था। शहरी क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। इसके बाद वह भटकते हुए भंडरा क्षेत्र से गुजरकर खूंटी के शहरी इलाके में पहुंच गया। वन विभाग उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए था। विभाग की योजना थी कि कॉरिडोर बनाकर हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर भेजा जाए, लेकिन इसी बीच वह अनिगड़ा गांव में एक खुले कुएं में गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें:रांची के रातू में हाथी का कहर, एक की मौत, एक गंभीर घायल; इलाके में दहशत
ग्रामीणों की भीड़, बढ़ाई गई सतर्कता
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि जहां हाथी गिरा है, वहां से करीब दो किलोमीटर दूर पूर्व सांसद कड़िया का आवास भी स्थित है। हालांकि फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस रेस्क्यू ऑपरेशन पर है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान बेहद सावधानी से चलाया जाएगा, ताकि हाथी को बिना किसी नुकसान के बाहर निकाला जा सके। साथ ही आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।