Samachar Post रिपोर्टर, रांची : उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की शनिवार को हेलिकॉप्टर यात्रा उस समय कुछ मिनटों के लिए डरावनी हो गई, जब उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग कराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
2000 फीट की ऊंचाई पर दिखी तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ के ला मार्टिनियर स्कूल ग्राउंड से हेलिकॉप्टर में सवार होकर कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। हेलिकॉप्टर में कुल 6 लोग मौजूद थे, जिनमें दो पायलट, एक प्राइवेट सेक्रेटरी, दो सुरक्षा गार्ड और डिप्टी सीएम शामिल थे। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद लगभग 2000 फीट की ऊंचाई पर हेलिकॉप्टर के डिस्प्ले सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया और केबिन के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति गंभीर होते ही पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना देकर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल के विरोध में 10 मार्च को हड़ताल, बिजली सेवाओं पर पड़ सकता है असर
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
पायलट ने हेलिकॉप्टर को लगभग 50 किलोमीटर दूर बछरावां पहुंचने से पहले ही वापस लखनऊ की ओर मोड़ दिया और एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। लैंडिंग के दौरान एहतियातन फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात कर दी गई थी। सुरक्षित लैंडिंग के बाद हेलिकॉप्टर में सवार केशव प्रसाद मौर्य समेत सभी 6 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी को भी चोट नहीं आई।
दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना
तकनीकी समस्या के बाद सुरक्षा जांच पूरी होने पर डिप्टी सीएम दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन किया। नागरिक उड्डयन विभाग कर रहा निगरानी बताया जा रहा है कि यह हेलिकॉप्टर उत्तर प्रदेश सरकार का है और इसकी जिम्मेदारी नागरिक उड्डयन विभाग के पास है। विभाग के निदेशक ईशान प्रताप सिंह जो मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भी हैं, पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि पायलट और सुरक्षा टीम की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।