Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी है। हालात ऐसे हैं कि दिन का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे चला गया है, जबकि रात के तापमान में भी लगभग 3 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। अब तक राज्य में वज्रपात की चपेट में आकर छह लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले एक सप्ताह से राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है, जिसका असर पूरे झारखंड में देखा जा रहा है। सोमवार को भी रांची समेत कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और खराब मौसम के दौरान घरों में रहने या सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
24 मार्च से राहत के संकेत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है और गर्मी एक बार फिर अपना असर दिखा सकती है। 25 और 26 मार्च को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि तापमान क्रमशः 30 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
फिर बदल सकता है मौसम
हालांकि राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। 27 और 28 मार्च को एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत हैं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और बारिश के आसार भी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले सात वर्षों में मार्च महीने में इतनी ठंड और बारिश पहली बार दर्ज की गई है।
Reporter | Samachar Post