- अपर मुख्य सचिव का निर्देश- उपकरण और मैनपावर की कमी जल्द दूर करें
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में गंभीर मरीजों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राज्य सरकार ने सभी जिलों में टेली आईसीयू व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है, जिससे मरीजों को नजदीकी सदर अस्पताल में ही सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सलाह और निगरानी मिल सकेगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समीक्षा, जल्द लागू करने का निर्देश
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सभी सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया गया कि टेली आईसीयू व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट की समयसीमा के बीच रिम्स में निर्माण कार्य तेज
इन जिलों में शुरू हो चुकी है सुविधा
फिलहाल गुमला, सिमडेगा, चतरा और रांची सदर समेत कुछ जिलों में यह व्यवस्था शुरू हो चुकी है। इन अस्पतालों का मेंटर रिम्स को बनाया गया है, जहां से विशेषज्ञ डॉक्टर टेली आईसीयू और एआई तकनीक के जरिए मरीजों की निगरानी कर रहे हैं।
डॉक्टर और स्टाफ की कमी दूर करने की तैयारी
बैठक में यह भी माना गया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी एक बड़ी चुनौती है। इसे दूर करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त भर्ती और आउटसोर्सिंग का सहारा लिया जाएगा।
उपकरणों की खरीद में तेजी
सरकार ने निर्देश दिया है कि जिन अस्पतालों में जरूरी उपकरणों की खरीद लंबित है, वहां प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर राज्य स्तर से भी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि टेली आईसीयू सेवा में कोई बाधा न आए।
ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
सरकार का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ गंभीर मरीजों की जान बचेगी, बल्कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।