Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :झारखंड के पाकुड़ जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित तलवाडागा गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल ने सख्ती दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, तलवाडागा गांव में देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता मेघनाथ सरकार के आवेदन के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 36/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला BNS की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया। इस टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की गहन जांच की जिम्मेदारी दी गई।
यह भी पढ़ें :सिमडेगा बस स्टैंड का नगर परिषद अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, सफाई और मरम्मत के दिए निर्देश
दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त
SIT टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन मोटरसाइकिल और एक कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। सभी संभावित सुरागों पर काम किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जा सके और सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।
Reporter | Samachar Post