Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोपों के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए जसीडीह थाना प्रभारी और एक एएसआई के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। डीजीपी कार्यालय (पीजी शाखा) ने देवघर एसपी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई करने और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
व्हाट्सएप शिकायत से खुला मामला
यह मामला जसीडीह थाना क्षेत्र के कुंजीसार गांव निवासी अक्षय कुमार पांडेय की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने व्हाट्सएप के जरिए पुलिस मुख्यालय के जन शिकायत नोडल अधिकारी को शिकायत भेजी। शिकायत में थाना प्रभारी दीपक कुमार और एएसआई कौशेलेन्द्र कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में जंगल में महुआ बीनने गए बुजुर्ग पर हाथी का हमला, मौके पर मौत
रिश्वत और पद के दुरुपयोग के आरोप
शिकायत में आरोप है कि दोनों पुलिस अधिकारी आर्थिक अनियमितता में लिप्त थे और रिश्वत की मांग कर रहे थे। इसके अलावा, उनके पद का दुरुपयोग कर शिकायतकर्ता को परेशान करने की भी बात कही गई है। मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सबूतों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट करने की भी कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट गाइडलाइन का उल्लंघन
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि मामले की जांच में सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय पुलिस कार्रवाई की गाइडलाइन्स का पालन नहीं किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
पुलिस मुख्यालय ने लिया सख्त संज्ञान
डीजीपी कार्यालय ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसकी छायाप्रति देवघर एसपी को भेज दी है। एसपी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और रिपोर्ट जल्द से जल्द पुलिस मुख्यालय को भेजी जाए।
विभागीय जांच और संभावित सख्ती
पुलिस मुख्यालय के इस कदम से विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जांच में आरोप साबित होने पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।