Samachar Post डेस्क, रांची : झारखंड विधानसभा के बाहर शुक्रवार को महागठबंधन की ओर से एलपीजी किल्लत और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी शामिल हुईं और केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा हमला बोला।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय दबाव के सामने झुक गए हैं, जिसका सीधा असर देश की आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज हर घर में यह चिंता है कि एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता कैसे होगी।
यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर झारखंड विधानसभा में सत्ता पक्ष का प्रदर्शन
एलपीजी संकट से प्रभावित हो रहे लोग
मंत्री ने कहा कि राज्य में एलपीजी की कमी साफ दिखाई देने लगी है। इसका असर केवल आम लोगों पर ही नहीं बल्कि उन व्यवसायियों पर भी पड़ रहा है जिनका काम कमर्शियल सिलेंडर पर निर्भर है। कई छोटे व्यवसायों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
दीपिका पांडेय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार असल मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल नारों और प्रतीकों की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि संसद में भी विपक्ष ने कई बार गैस संकट को लेकर प्रधानमंत्री को आगाह किया, लेकिन इस मुद्दे पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।
केंद्र से की ये मांग
मंत्री ने केंद्र सरकार से मांग की कि एलपीजी की आपूर्ति तुरंत सामान्य की जाए और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।