Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में ‘जीवनदायिनी’ कही जाने वाली 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने सेवा संचालन करने वाली संस्था सम्मान फाउंडेशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि प्रबंधन की कथित तानाशाही, भ्रष्टाचार और आर्थिक शोषण के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। उनका आरोप है कि हालात ऐसे हो गए हैं कि रोजमर्रा के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और लोन की किस्त भरना भी मुश्किल हो गया है।
13 मार्च को श्रम भवन का घेराव
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, जो भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध है, ने अब आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि सेवा संचालन संस्था लगातार श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रही है और 30 जुलाई 2025 को हुए समझौते समेत कई अहम निर्णयों को लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 13 मार्च को राज्यभर के कर्मचारी रांची स्थित श्रम भवन के सामने घेराव और महाप्रदर्शन करेंगे।
यह भी पढ़ें: खूंटी में हाईटेंशन बिजली तार चोरी का खुलासा, 250 किलो तार के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार
PF-ESI कटौती और वेतन भुगतान पर सवाल
कर्मचारियों के मुताबिक फरवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक उनके वेतन से PF और ESI की कटौती नहीं की गई। नवंबर में जो कटौती की गई, वह भी कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों में जमा नहीं कराई गई। दिसंबर में भी वेतन से कटौती के बावजूद पूरी राशि जमा नहीं की गई है। इसके अलावा फरवरी से लगातार वेतन भुगतान में देरी और मनमानी कटौती के कारण कर्मचारी मानसिक तनाव में हैं।
ग्रेच्युटी और भत्ते का भी नहीं हुआ भुगतान
संघ का आरोप है कि वर्ष 2017 से 2023 तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को अब तक Ziqitza Health Care Limited, मुंबई की ओर से ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं 100 किलोमीटर से अधिक IFT (Inter Facility Transfer) ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को न तो भोजन भत्ता मिल रहा है और न ही ओवरटाइम का भुगतान किया जा रहा है।
समस्या समाधान की मांग
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर कई बार श्रमायुक्त और संबंधित विभागों को पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 12 मार्च तक कर्मचारियों की मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो 13 मार्च को राज्यभर के कर्मचारी श्रम भवन, रांची के समक्ष घेराव और महाप्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।