Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा जिले के नारायणपुर अंचल क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पविया पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, पतियोरडीह के प्रधान शिक्षक संतोष मुर्मू पर शराब के नशे में स्कूल आने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि हेडमास्टर का नशे में स्कूल पहुंचना अब आदत बन चुकी है। विरोध करने पर वे गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते हैं। स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले का वीडियो भी बनाया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
पढ़ाई और मिड-डे मील पर असर
ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक की इस लापरवाही से स्कूल की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। साथ ही मध्याह्न भोजन (MDM) व्यवस्था भी बाधित हो गई है। स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सोमवार को नामांकित बच्चों में से सिर्फ 10 छात्र ही स्कूल पहुंचे। कक्षा चार की एक छात्रा ने बताया कि हेडमास्टर रोज शराब पीकर आते हैं और पढ़ाई नहीं कराते।
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट सख्त: पेंशन भुगतान में देरी पर अफसरों की सैलरी रोकी
सहायक शिक्षक ने भी की पुष्टि
स्कूल के सहायक शिक्षक सुनील मुर्मू ने भी मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने शिकायत की थी, जिसके बाद हेडमास्टर बहस करते हुए स्कूल छोड़कर चले गए और फिर वापस नहीं लौटे।
जांच के आदेश, कार्रवाई का आश्वासन
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सर्किल मरांडी ने कहा कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि ऐसे शिक्षकों पर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।