Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोल्हर मोड़ के पास शनिवार को एक ऑटो पलट गया, जिसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बकरी को बचाने में पलटा ऑटो
मिली जानकारी के अनुसार जामताड़ा से एक ऑटो सवारियों और सामान के साथ नारायणपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक एक बकरी सामने आ गई। चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान ऑटो पर से उसका नियंत्रण खो गया और वाहन सड़क पर पलट गया। स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो की रफ्तार भी काफी तेज थी, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में बच्चा चोर की अफवाह का शिकार हुए दो लोग, ग्रामीणों ने की पिटाई
मासूम सहित छह लोग घायल
हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं एक बुजुर्ग महिला का हाथ टूट गया है, जबकि अन्य चार लोग भी बुरी तरह घायल हुए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने दो घायलों को पास के एक निजी मेडिकल में प्राथमिक उपचार दिलाया। वहीं तीन गंभीर घायलों, जिनमें मासूम बच्चा भी शामिल है, को बेहतर इलाज के लिए निजी वाहन से जामताड़ा ले जाया गया।
तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजारों में पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग रात में तेज रफ्तार पिकअप और ट्रेलरों की टक्कर से टूट चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बैरिकेडिंग की मरम्मत कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।