Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले के मोहड़ा गांव में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने एक अत्यंत विषैला खरिश सांप देख लिया। सांप के दिखाई देते ही पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार यह सांप काफी खतरनाक होता है और इसके काटने से कुछ ही समय में जान जाने का खतरा रहता है। सांप को देखकर शुरुआत में लोग घबरा गए, लेकिन बाद में गांव के कुछ युवाओं ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पहले सांप को एक बोरे में बंद किया गया, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाद में उसे एक बड़े ड्रम में डाल दिया गया, ताकि वह बाहर निकलकर किसी को नुकसान न पहुंचा सके।
वन विभाग को दी गई सूचना
ग्रामीणों ने बताया कि उनका उद्देश्य सांप को मारना नहीं था, बल्कि उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर झारखंड वन विभाग को सौंपना था। इसी वजह से सांप को कैद करने के बाद तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: रजरप्पा में श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज पर बवाल, बीजेपी ने सरकार को घेरा
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हालांकि इस मामले में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। गांव के निवासी नबीब अंसारी के अनुसार, सोमवार शाम सांप पकड़े जाने के बाद वन विभाग को कई बार फोन किया गया, लेकिन अधिकारियों की ओर से संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने बताया कि कथित तौर पर अधिकारियों ने यह कहकर तुरंत टीम भेजने से मना कर दिया कि केवल एक सांप के लिए तत्काल कर्मचारी नहीं भेजे जा सकते।
16 घंटे बाद भी नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम
सबसे हैरानी की बात यह रही कि सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे तक, यानी लगभग साढ़े 16 घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग की कोई रेस्क्यू टीम गांव नहीं पहुंची। इस दौरान सांप ड्रम के अंदर ही रेंगता रहा, जिससे पूरी रात ग्रामीणों में डर का माहौल बना रहा और लोग अनहोनी की आशंका के कारण सो भी नहीं सके। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द टीम भेजकर सांप को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।