Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा जिला न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब ईमेल के जरिए कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह धमकी कथित तौर पर तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजी गई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर जामताड़ा सिविल कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी गई और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
न्यायिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) नीतीश कुमार सांगा ने स्वयं कोर्ट और अधिवक्ता परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। घटना की जानकारी मिलते ही हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दलबल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
यह भी पढ़ें: धनबाद में मानसिक तनाव से जूझ रहे युवक ने की आत्महत्या, रांची में चल रहा था इलाज
डॉग स्क्वायड से हुई सघन तलाशी
जांच को प्रभावी बनाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर के सभी कमरों, गलियारों और संदिग्ध स्थानों की सघन तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल के स्रोत और उसकी सत्यता की तकनीकी जांच की जा रही है। इसके लिए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।
हर गतिविधि पर कड़ी नजर
फिलहाल कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया गया है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढील नहीं दी जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।