Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर में विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ का समापन समारोह पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। इस मौके पर उपायुक्त ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पानी जीवन का आधार है और इसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, पानी के दुरुपयोग को रोकने और जनभागीदारी से जल संरक्षण अभियान को मजबूत करने की अपील की।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा के बमनडीहा गांव में पानी का संकट: दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण, उधार में लेना पड़ता है साफ पानी
जलसहिया और मुखिया हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिले में पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जलसहियाओं और मुखियाओं को सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में उनकी भूमिका की सराहना की। समारोह में उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने जल संरक्षण की शपथ ली और दैनिक जीवन में पानी बचाने के उपाय अपनाने का संकल्प लिया।
जल योजनाओं की समीक्षा और चर्चा
कार्यक्रम में 8 मार्च से 22 मार्च तक चलाए गए जागरूकता अभियानों की समीक्षा की गई। साथ ही जल संरक्षण, जल के समुचित उपयोग और योजनाओं के बेहतर रख-रखाव पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने जलसहियाओं को ग्रामीणों को नियमित रूप से जल शुल्क जमा करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया, ताकि जलापूर्ति योजनाओं का सुचारू संचालन जारी रह सके।
जल जीवन मिशन पर भी जोर
कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने भविष्य में इन योजनाओं के सफल संचालन और रख-रखाव के लिए बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करने की बात कही। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं और जलसहियाओं ने अपने अनुभव साझा किए और नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की।
Reporter | Samachar Post