Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर में होली के दौरान पानी फेंकने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-3 निवासी युवक रितेश कुमार पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। घायल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
पानी फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार रितेश कुमार बुधवार शाम घर से घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान वह काशीडीह स्थित काली मंदिर के पास पहुंचा। बताया जाता है कि पास के एक घर की छत से किसी व्यक्ति ने उस पर पानी फेंक दिया। रितेश ने जब इसका विरोध करते हुए वजह पूछी तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें: धनबाद में होली के जश्न के बीच फायरिंग, दो युवक गंभीर रूप से घायल
मारपीट के बाद चाकू से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थोड़ी ही देर में वहां तीन अन्य लोग भी पहुंच गए। सभी ने मिलकर रितेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर रितेश के पेट में वार कर दिया। चाकू लगते ही रितेश मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रितेश को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।