- सरायकेला के चांडिल स्थित रिसॉर्ट से दबोचा गया आरोपी, कारोबारियों से रंगदारी वसूली के कई आरोप
Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :शहर में लंबे समय से रंगदारी वसूली और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय आरोपी मनीष सिंह को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। उसे चांडिल के एक रिसॉर्ट से पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी जुगसलाई क्षेत्र में लंबे समय से कारोबारियों से रंगदारी मांग रहा था।
कारोबारियों से रंगदारी वसूली का आरोप
पुलिस के अनुसार मनीष सिंह इलाके के कई व्यापारियों को फोन कर धमकाता था और उनसे पैसे की मांग करता था। इस वजह से क्षेत्र के कारोबारी लंबे समय से दहशत में थे। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि आरोपी रंगदारी वसूली के साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल है।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में होली के दौरान विवाद, युवक पर चाकू से हमला; हालत गंभीर
गुर्गों की गिरफ्तारी से मिला सुराग
कुछ दिन पहले पुलिस ने मनीष सिंह के दो गुर्गों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा गोलमुरी थाना क्षेत्र में उसके सात अन्य सहयोगियों को भी पुलिस ने दबोच लिया था। इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस को मुख्य आरोपी के ठिकाने का सुराग मिला और उसके बाद उसे पकड़ने के लिए अभियान तेज किया गया।
गिरफ्तारी में देरी पर थाना प्रभारी निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए कौशल किशोर ने सख्त कदम उठाते हुए दो दिन पहले बैजनाथ कुमार को जुगसलाई थाना प्रभारी पद से निलंबित कर दिया था। इसके बाद गुलाम रब्बानी को नया थाना प्रभारी बनाया गया। नए प्रभारी के पदभार संभालने के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने मनीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ जारी है। पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मनीष सिंह के खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post