- तीनसुकिया में राजनीतिक कार्यक्रम में होंगे शामिल, असम में रह रहे झारखंडी मूल के आदिवासियों की स्थिति पर भी करेंगे चर्चा
Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर असम जाएंगे। उनका यह दौरा मुख्य रूप से चुनाव प्रचार और राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए तय किया गया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन असम में रहने वाले झारखंडी मूल के आदिवासियों के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाएंगे।
तीनसुकिया में उठा चुके हैं आदिवासी मुद्दा
हाल ही में तीनसुकिया में आयोजित एक कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने असम में बसे झारखंडी मूल के आदिवासियों को बुनियादी सुविधाएं और अधिकार देने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा था कि वहां रहने वाले आदिवासियों को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
झामुमो शिष्टमंडल ने सौंपी थी रिपोर्ट
इससे पहले झामुमो का एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल मंत्री चमरा लिंडा के नेतृत्व में असम दौरे पर गया था। इस टीम ने असम में रह रहे झारखंडी मूल के आदिवासियों की स्थिति का अध्ययन कर एक विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी थी। रिपोर्ट में उनके जीवन, रोजगार और कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
यह भी पढ़ें :मध्य प्रदेश में बिहार के इलेक्ट्रीशियन की चाकू मारकर हत्या, थूकने को लेकर हुआ विवाद
12 मार्च को होगी कैबिनेट बैठक
रांची से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 12 मार्च को प्रस्तावित है। बैठक शाम 5 बजे या विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के बाद प्रोजेक्ट भवन स्थित झारखंड मंत्रालय में आयोजित की जाएगी। मंत्रिपरिषद सचिवालय की ओर से सभी मंत्रियों और संबंधित विभागों को इसकी सूचना दे दी गई है।
राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट
सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संतोष कुमार गंगवार से लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रही विभिन्न विकास और लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सीएम ने अपनी हालिया विदेश यात्रा के बारे में भी राज्यपाल को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड इकोनामिक फोरम, दावोस और यूनाइटेड किंग्डम की यात्रा के दौरान झारखंड की निवेश नीतियों और सतत विकास की रणनीति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया। इस दौरान राज्य को कई निवेश प्रस्ताव भी मिले हैं, जो औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और कौशल विकास के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद थे। राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टिकोण से हेमंत सोरेन का यह असम दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post