Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले में भूमि विवाद और अंचल से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे ‘अंचल दिवस 3.0’ के तहत शुक्रवार को सिसई अंचल कार्यालय परिसर में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित स्वयं मौजूद रहीं और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्राप्त 82 आवेदनों में से 70 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि 12 मामलों में आवश्यक जांच के आदेश दिए गए। इस तरह लगभग 85 प्रतिशत मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया गया।
यह भी पढ़ें :बहरागोड़ा अपहरण कांड का आरोपी बंगाल से गिरफ्तार, युवती सुरक्षित बरामद
भूमि विवाद और दाखिल-खारिज के मामलों पर फोकस
शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद के 8 मामले आए, जिनमें से 6 का समाधान हुआ। दाखिल-खारिज के 24 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। पंजी-2 सुधार के 11 मामलों में से 1 का समाधान और 10 मामलों में जांच के आदेश दिए गए। इसके अलावा जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़े 19 मामलों, पारिवारिक सदस्यता के 10 मामलों तथा भू-धारण और जनशिकायत से जुड़े 10 मामलों का भी शिविर में समाधान किया गया।
अंचल स्तर पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि अंचल स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद सहित सभी मामलों का पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निष्पादन किया जाए।
हर शुक्रवार लगेगा समाधान शिविर
जिला प्रशासन के अनुसार अंचल दिवस 3.0 के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अलग-अलग अंचलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। अगला शिविर 20 मार्च 2026 को भरनो अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां लोगों की समस्याओं की सुनवाई कर यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post