Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कुएं में गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। यह घटना गांडेय थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव की है, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान राजेंद्र मुर्मू और उनकी पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पार्वती देवी रोज की तरह घर के काम के दौरान कुएं से पानी निकालने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गईं। पत्नी को गिरता देख राजेंद्र मुर्मू ने बिना एक पल गंवाए उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। लेकिन कुआं काफी गहरा होने और उसमें पानी ज्यादा होने के कारण दोनों ही बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों की मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग में नाबालिग बच्ची की संदिग्ध मौत पर सियासत गरम, BJP का अल्टीमेटम- 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो शहर बंद
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही गांडेय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Reporter | Samachar Post