Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले में होमगार्ड बहाली को लेकर बेरोजगार युवाओं ने आवाज बुलंद की है। देवरी, जमुआ और गांवा प्रखंड के युवाओं ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि वे कई वर्षों से होमगार्ड बहाली का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। जिले में बड़ी संख्या में शिक्षित और योग्य अभ्यर्थी बेरोजगार हैं, जो इस सेवा में शामिल होना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें :रांची के सरकारी स्कूलों में आज वार्षिकोत्सव, 2 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल
5 से 8 साल से तैयारी कर रहे अभ्यर्थी
आवेदन के अनुसार, करीब 200 से अधिक युवा बहाली की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इनमें से कई अभ्यर्थी पिछले 5 से 8 वर्षों से लगातार तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती नहीं होने से उनका भविष्य अनिश्चित होता जा रहा है। युवाओं ने कहा कि यदि होमगार्ड बहाली शुरू होती है, तो इससे न केवल उन्हें रोजगार मिलेगा बल्कि जिले की कानून-व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
आवेदन में युवाओं ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सके। यह मामला एक बार फिर जिले में बढ़ती बेरोजगारी की समस्या को उजागर करता है, जहां योग्य युवा अवसर के इंतजार में हैं।
Reporter | Samachar Post