Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने नक्सली गतिविधियों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए बिहार पुलिस अपने साथ ले गई है।
मंझलाटोल गांव से पकड़े गए आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज यादव और पवन सिंह के रूप में हुई है। दोनों पर नक्सली गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक पटना एसटीएफ को इन दोनों के बारे में इनपुट मिला था कि जमुई जिले में वांछित ये आरोपी गिरिडीह के बेंगाबाद इलाके में छिपे हुए हैं।
यह भी पढ़ें: जैन प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, पंचकल्याणक महोत्सव का दिया न्योता
संयुक्त टीम ने की घेराबंदी
सूचना मिलने के बाद पटना एसटीएफ की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में गिरिडीह पहुंची और यहां के एसपी डॉ. बिमल कुमार से संपर्क किया। एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव की निगरानी में बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत स्थित मंझलाटोल गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस की मुस्तैदी के कारण दोनों आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और मौके से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
नक्सली लखन यादव पर हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी भाकपा माओवादी संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनके खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में कांड संख्या 143/25 दर्ज है। आरोप है कि दोनों ने चरकापत्थर इलाके में जेल से जमानत पर बाहर आए नक्सली लखन यादव को गोली मार दी थी और इसके बाद से फरार चल रहे थे। घटना के बाद से ही बिहार पुलिस और एसटीएफ इनकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह के बेंगाबाद इलाके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।