Samachar Post रिपोर्टर, जमुई : गिद्धौर-जमुई बाईपास पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 62 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, और ट्रक का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया।
शादी समारोह में जा रही थी मां-बेटा
मृत महिला की पहचान नीमारंग गांव निवासी रुको देवी (बिरजू साव की पत्नी) के रूप में हुई है। उनका बेटा रतन साह उन्हें बाइक से दिग्घी सुखासन गांव में शादी समारोह में ले जा रहा था।
यह भी पढ़ें: बोकारो : पुलिस टीम पर हमला, कार में लगी आग, युवक कुणाल सिंह लापता
हादसा कैसे हुआ
गिद्धौर-जमुई बाईपास के कोल्हुआ चौक के पास ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद रुको देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रक के पहिये के नीचे आ गईं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया, लेकिन चालक भाग निकला। गुस्साए ग्रामीणों ने बाईपास सड़क जाम कर दिया।
तीन घंटे तक लगा जाम
सड़क जाम के कारण करीब तीन घंटे तक गिद्धौर-जमुई बाईपास पर आवागमन ठप रहा। दोनों ओर लंबी वाहनों की कतारें लगीं और लोगों को भारी परेशानी हुई।
पुलिस ने जाम हटवाया
गिद्धौर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, खैरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह, अंचल निरीक्षक संजय कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया और शव को जमुई सदर अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया।
बालू ट्रकों की रफ्तार पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जोगा झिंगोई बालू घाट से दिन-रात बालू लदे ट्रकों का परिचालन होता है। ये ट्रक अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण किया जाए और लापरवाह ड्राइवरों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।