Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :शहर के मेन रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के गोदाम में शनिवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि जिस दुकान के गोदाम में आग लगी, उसके ऊपर एक परिवार रहता था। आग और धुएं के कारण परिवार के सदस्य ऊपर ही फंस गए थे। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पहल की और हाईवा वाहन तथा सीढ़ी की मदद से परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग लगने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ देर बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।
आसपास की दुकानों में भी भरा धुआं
बताया गया कि जिस गोदाम में आग लगी, उसके आसपास चार अन्य दुकानें भी सटी हुई थीं। आग लगने के बाद उन दुकानों में धुआं भर गया, जिससे लोगों को आशंका हुई कि अन्य दुकानों में भी आग लग गई है। हालांकि समय रहते दुकानों के शटर खोल दिए गए और अंदर रखा सामान बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़े नुकसान से बचाव हो गया।
यह भी पढ़ें :गैस सिलेंडर और पेट्रोल की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी के लिए बनाया जा रहा कृत्रिम संकट: बाबूलाल मरांडी
नुकसान का आकलन जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और थाना प्रभारी ने बताया कि एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी, जिससे आसपास की दुकानों को भी नुकसान होने की आशंका थी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कितना नुकसान हुआ है।
Reporter | Samachar Post