Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा शहर में घरेलू गैस की ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब लोग गैस बुक कराने के लिए एजेंसी द्वारा जारी किए गए फोन नंबर पर कॉल कर रहे हैं। शहर के ब्लॉक के पास स्थित इंडियन गैस कार्यालय की गैस एजेंसी और गोदामों के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। स्थिति को देखते हुए गैस वितरक ने जिला प्रशासन से पुलिस सुरक्षा की मांग की। बताया जा रहा है कि भीड़ के कारण कई जगहों पर विवाद और मारपीट की स्थिति बनने लगी थी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में ही गैस से संबंधित कागजी प्रक्रिया और सिलेंडर वितरण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें :एलपीजी किल्लत और बढ़ती तेल कीमतों के खिलाफ रांची में विरोध, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी शामिल
उपभोक्ताओं ने लगाया कालाबाजारी का आरोप
कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है और कुछ लोग इसकी कालाबाजारी भी कर रहे हैं। हालांकि गैस एजेंसी के वितरक अरविंद तूफानी का कहना है कि नियम के अनुसार आने वाले उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग नियमों के विरुद्ध गैस लेने की कोशिश करते हैं, उन्हें ही समस्या हो रही है।
पूर्व मंत्री ने प्रशासन पर उठाए सवाल
इस मामले पर पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को गैस वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी केवल औपचारिक गतिविधियों में व्यस्त हैं और समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं कर रहे हैं।
डीसी ने कहा- जिले में गैस की कमी नहीं
इस मामले में दिनेश यादव ने कहा कि जिले में गैस और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी के द्वारा गैस की जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post