Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड के गढ़वा जिले के रंका वन क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला है। महुआ चुनने गए एक ग्रामीण की हाथियों के झुंड ने कुचलकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रंका वन क्षेत्र के दुधवल गांव निवासी मुन्ना सिंह जंगल में महुआ चुनने गए थे। इसी दौरान अचानक हाथियों का झुंड सामने आ गया। ग्रामीणों ने भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन हाथियों ने मुन्ना सिंह को दौड़ाकर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल मुन्ना सिंह को तुरंत रंका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया।
यह भी पढ़ें :झारखंड में हाथियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर की मांग, अबुआ मंच ने राज्यपाल से की पेशकश
इस साल की तीसरी घटना
बताया जा रहा है कि इस वर्ष हाथियों के हमले से मौत की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये का अग्रिम मुआवजा दिया है। शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने की बात कही गई है। इस समय महुआ का सीजन चल रहा है, जो ग्रामीणों की आजीविका का प्रमुख स्रोत है। लेकिन जंगलों में हाथियों की बढ़ती मौजूदगी के कारण ग्रामीणों के सामने रोजी-रोटी और जान दोनों का संकट खड़ा हो गया है।
वन विभाग की चेतावनी
DFO ने ग्रामीणों से अपील की है कि सुबह-सुबह जंगल जाने से बचें और सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि यह इलाका अब हाथी प्रभावित क्षेत्र बन चुका है, इसलिए बाहर निकलते समय पूरी सावधानी जरूरी है।
Reporter | Samachar Post