Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के धनबाद में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह जहां तेज धूप खिली रही, वहीं दोपहर के बाद आसमान में बादल छा गए और शाम तक गरज के साथ आंधी, बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। शहर के कई इलाकों में गिरे ओलों ने लोगों को चौंका दिया। बच्चे आंगन में जमा ओलों के साथ खेलते नजर आए और इस बदले मौसम का आनंद लेते दिखे।
आंधी-बारिश से गर्मी से राहत
तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई लोग अपने घरों की बालकनी और आंगन में खड़े होकर बारिश का लुत्फ उठाते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार यह गतिविधि आने वाले दिनों में भी जारी रह सकती है। इसी को देखते हुए 21 मार्च तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: रांची से पांच इंस्पेक्टरों का तबादला, तत्काल ज्वाइन करने का आदेश
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है। यह सिस्टम फिलहाल पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके साथ ही राजस्थान और उत्तर प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि पूर्वोत्तर में असम से अरुणाचल प्रदेश तक ऊपरी चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से हिमालयी क्षेत्रों में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर पहाड़ी इलाकों में बारिश और हिमपात के रूप में दिखेगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में आंधी-बारिश जारी रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक दिन का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलती रहेगी
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।