- चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू कई तारीखों तक रद्द, ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस भी देरी से चली
Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद: धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में रोजाना यात्रा करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे रोलिंग ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
इन तारीखों में रद्द रहेगी मेमू
रेलवे के अनुसार, चंद्रपुरा-भोजूडीह मेमू ट्रेन 31 मार्च के साथ-साथ 3, 4 और 5 अप्रैल को रद्द रहेगी। वापसी में भी यह ट्रेन भोजूडीह से चंद्रपुरा के बीच नहीं चलेगी। इसके अलावा 5 अप्रैल को भागा-आद्रा मेमू भी दोनों दिशाओं में रद्द कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक और तकनीकी कार्यों के लिए रोलिंग ब्लॉक लिया गया है। यह कार्य सुरक्षा और बेहतर संचालन के लिए जरूरी बताया जा रहा है, लेकिन इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: पतरातू में देर रात फायरिंग: रेल ओवरब्रिज साइट पर गार्ड को गोली मारकर फरार हुए बदमाश
ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस भी प्रभावित
हावड़ा मंडल में ट्रैफिक ब्लॉक के कारण ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस भी प्रभावित रही। यह ट्रेन हावड़ा से करीब डेढ़ घंटे देरी से खुली और धनबाद लगभग दो घंटे देर से पहुंची। इसके अलावा धनबाद-हावड़ा रूट की अन्य ट्रेनें भी लेट रहीं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। स्थानीय यात्रियों का कहना है कि मेमू ट्रेनें बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को हो रही है। वैकल्पिक साधनों से यात्रा महंगी और समय लेने वाली साबित हो रही है।
रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रैक कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन संचालन सामान्य हो जाएगा। फिलहाल यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।