Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में CID की सब-इंस्पेक्टर सैलु प्रभा जयंती तिर्की की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस महकमे और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि सैलु प्रभा जयंती तिर्की सरहुल पर्व मनाने के लिए रांची के मोरहाबादी स्थित अपने घर आई थीं और त्योहार के बाद अपने पति सुरेश उरांव के साथ बाइक से दुमका लौट रही थीं।
आईएसएम के पास हुआ हादसा
हादसा धनबाद के आईएसएम के पास हुआ। तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में एसआई तिर्की को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सैलु प्रभा जयंती तिर्की को मृत घोषित कर दिया। उनके पति का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: ब्रेक फेल से अनियंत्रित हुआ ट्रेलर, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। इस हादसे से पूरे पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। सरहुल की खुशियां लेकर निकली यह यात्रा अचानक मातम में बदल गई, जिससे हर कोई स्तब्ध है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।