Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद: धनबाद में होली के जश्न के दौरान अचानक फायरिंग होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड की है, जहां गोली लगने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में चल रहा दोनों घायलों का इलाज
घायलों की पहचान विष्णु कुमार और पुष्पक मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि पुष्पक मिश्रा के पेट में गोली लगी है। दोनों को तुरंत इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:पाकुड़ में होली के दिन चाकू मारकर व्यक्ति की हत्या, पैसों के विवाद के बाद वारदात
पैसे के विवाद की भी सामने आ रही बात
स्थानीय लोगों के मुताबिक, होली के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया और अचानक गोली चलने लगी। घायल विष्णु कुमार ने आरोप लगाया है कि वह ठेकेदार विकास लाला के लिए पेटी कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। गोधरा में अस्पताल निर्माण कार्य के दौरान उसके करीब ढाई लाख रुपये बकाया थे। पैसे मांगने पर विवाद बढ़ गया और विकास लाला व उसके साथियों ने उस पर गोली चला दी। वहीं घायल पुष्पक मिश्रा ने बताया कि वह दिल्ली में पढ़ाई करता है और अपने दादा की तेरहवीं में शामिल होने बरमसिया आया हुआ था। उसने कहा कि होली के दौरान अचानक मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान गोली चल गई, जिसमें वह भी घायल हो गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। हालांकि पुलिस को अलग-अलग पहलुओं से जानकारी मिल रही है। एक पक्ष पैसे के लेनदेन को कारण बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष जमीन खरीद-बिक्री को विवाद की वजह बता रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।