Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित मिश्रीडीह मोड़ पर सोमवार देर रात फिल्मी अंदाज में डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। करीब 10 की संख्या में आए अपराधियों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और लाखों की लूट कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बदमाश सीढ़ियों के रास्ते घर में दाखिल हुए और सबसे पहले घर में मौजूद बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पूरे परिवार को धमकाकर नकदी और गहनों की लूट की गई। डकैत करीब 3.5 लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
रिटायर्ड हवलदार का घर बना निशाना
बताया जा रहा है कि जिस घर में डकैती हुई, वह रिटायर्ड हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा का है। घटना के समय वे खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। पीड़ित ने आशंका जताई है कि अपराधियों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे उनकी नींद नहीं खुली।
यह भी पढ़ें: गोड्डा में दर्दनाक हादसों की श्रृंखला, सड़क दुर्घटना, ट्रैक्टर की टक्कर और डूबने से 5 की मौत
CCTV तोड़कर ले गए DVR
वारदात को अंजाम देने के बाद डकैतों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
देर से पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना रात करीब 2 बजे पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस सुबह करीब 4:30 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद जांच शुरू की गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।