- दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मुठभेड़, मौके से SLR, इंसास रायफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
Samachar Post डेस्क, रांची :छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा–बीजापुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली राजेश पुनेम को मुठभेड़ में मार गिराया। इस ऑपरेशन के दौरान जवानों ने मौके से SLR, इंसास रायफल, पिस्टल और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों के हथियार और सामग्री डंप करने की सूचना मिली थी। इसके बाद राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें :बिहार में राज्यसभा चुनाव : नामांकन की आखिरी तारीख आज, उम्मीदवारों ने तेज की तैयारी
घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने किया हमला
सर्चिंग के दौरान जब सुरक्षाबलों की टीम संदिग्ध इलाके की ओर बढ़ रही थी, तभी पहले से घात लगाए करीब 8–10 नक्सलियों ने अचानक पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद जब इलाके में सर्चिंग की गई, तो एक पुरुष नक्सली का शव बरामद हुआ।
5 लाख का इनामी नक्सली था राजेश पुनेम
मारे गए नक्सली की पहचान राजेश पुनेम के रूप में हुई है। वह भैरमगढ़ एरिया कमेटी का एसीएम (ACM) था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। शव के पास से SLR, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन और कई जिंदा व खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने अलग मुठभेड़ में दो और नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मौके से SLR और इंसास रायफल समेत कई हथियार बरामद किए गए हैं।
एसपी ने की मुठभेड़ की पुष्टि
दंतेवाड़ा के एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है और नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post