Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से चार नाबालिग बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रहे वाहन ने सड़क किनारे मौजूद बच्चों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
15 घंटे से सड़क जाम, ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीण मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सड़क जाम गुरुवार रात से शुरू होकर शुक्रवार दोपहर तक करीब 15 घंटे से जारी है। सड़क जाम के कारण इलाके में कोयला ढुलाई पूरी तरह ठप हो गई है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में CM चेहरे और राज्यसभा की पांचवीं सीट पर मंथन तेज, NDA ने जताया जीत का भरोसा
कई दौर की बातचीत, लेकिन नहीं निकला हल
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पिपरवार थाना पुलिस और प्रशासन के अधिकारी गुरुवार रात से ही मौके पर डटे हुए हैं। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच कई दौर की बातचीत भी हुई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। अधिकारियों ने सरकारी नियमों के तहत पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया है।
मुआवजा और नौकरी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा। वे पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और इलाके में भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्त नियंत्रण की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहा है ताकि सड़क जाम हटाकर यातायात को सामान्य किया जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।