Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : झारखंड के चतरा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हंटरगंज थाना क्षेत्र के घांघरी के पास तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
आईटीआई कॉलेज से ड्यूटी कर लौट रहा था युवक
मृतक की पहचान हीरिंग गांव निवासी संजय सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जोरी (बानसिंह) स्थित एक आईटीआई कॉलेज में काम करते थे। देर रात ड्यूटी खत्म कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घांघरी के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से महिला की मौत, गुस्साए लोगों ने वाहन में लगाई आग
सुबह सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर पड़े शव को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल बन गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क के बीच रखकर चतरा-डोभी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम के कारण कई स्कूली बसें भी फंस गईं, जिससे बच्चों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुआवजा और गिरफ्तारी की मांग
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलेगा और आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा।
फरार चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस प्रशासन लोगों को शांत कराने में जुटा है। साथ ही फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच और छापेमारी शुरू कर दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।