Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ACB ने भू-अर्जन विभाग के बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य और एक कथित दलाल विनय तिवारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को उपायुक्त की मौजूदगी में भू-अर्जन से जुड़े एक अहम मामले पर बैठक चल रही थी। इसी दौरान बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य को एक कॉल आया, जिसके बाद वे बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। आरोप है कि बाहर आते ही वे रिश्वत के लेनदेन में जुट गए। पहले से घात लगाए ACB की टीम ने मौके पर ही उन्हें 5 लाख रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। ACB की टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए गम्हरिया प्रखंड कार्यालय के पास से कथित दलाल विनय तिवारी को भी गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह अपनी गाड़ी में बैठकर नकदी गिन रहा था, तभी टीम ने उसे धर दबोचा।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग नगर निगम के नए डिप्टी मेयर अविनाश यादव ने संभाली जिम्मेदारी, सिंगल विंडो सेवा पर फोकस
40 लाख की डील की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला जमीन से जुड़े एक बड़े सौदे से जुड़ा है, जिसमें करीब 40 लाख रुपये की डील तय होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि 5 लाख रुपये पहली किस्त के तौर पर दिए जा रहे थे। हालांकि, इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
जांच तेज, और खुलासों की उम्मीद
मामले की गंभीरता को देखते हुए Shriram Samad (ACB एसपी) जमशेदपुर स्थित कार्यालय पहुंचे हैं। फिलहाल ACB की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
Reporter | Samachar Post