Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित मुरू गांव में एक ईंट भट्ठे पर व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खितिश महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम नीमडीह थाना से मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में शव के पास कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।
भट्ठे पर करता था रखवाली का काम
परिजनों के अनुसार खितिश महतो ईंट भट्ठे पर रखवाली का काम करते थे और रात में वहीं ठहरते थे। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
यह भी पढ़ें :रांची रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, RPF ने दो नाबालिगों को बचाया
अवैध ईंट भट्ठों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कई अवैध ईंट भट्ठे और चिमनी भट्ठे संचालित हो रहे हैं। प्रदूषण विभाग और प्रशासन की कथित अनदेखी के कारण ये भट्ठे खुलेआम चल रहे हैं। ग्रामीणों ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अवैध भट्ठों से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है और सरकार को राजस्व की हानि भी उठानी पड़ रही है। पुलिस अब खितिश महतो की मौत और क्षेत्र में संचालित भट्ठों की गतिविधियों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि यदि किसी की लापरवाही या आपराधिक संलिप्तता सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post