Samachar Post रिपोर्टर,रांची :होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए इंडियन रेलवे ने हावड़ा और नई दिल्ली के बीच विशेष पूर्ण वातानुकूलित ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इससे नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने से परेशान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें :धनबाद में अवैध ट्रक ने 11 साल की बच्ची को कुचला, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
नई दिल्ली से हावड़ा (ट्रेन संख्या 04052)
यह विशेष ट्रेन 25 फरवरी से 3 मार्च तक प्रतिदिन शाम 6:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी दिशा में यह ट्रेन 27 फरवरी से 5 मार्च तक प्रतिदिन रात 1:40 बजे हावड़ा से चलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित श्रेणी की होगी। दोनों दिशाओं में दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को लाभ मिल सके। रेलवे का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान यात्रियों को सीट के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
सिमुलतला और टेलवा बाजार स्टेशन पर सुविधाओं में सुधार
इस बीच ईस्टर्न रेलवे के आसनसोल मंडल ने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए हैं। सिमुलतला स्टेशन पर खराब पड़े कोच डिस्प्ले और संकेतक बोर्ड की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित विभाग को कोच संकेतक प्रणाली को शीघ्र दुरुस्त कर नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए रखरखाव व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। त्योहार के मौसम में इन व्यवस्थाओं से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post