Samachar Post रिपोर्टर,रांची :जिले के रातू थाना क्षेत्र के बसाईर टोली तिगरा गांव में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बीच स्थित एक कुएं से दो बुजुर्गों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान जरिया बेड़ो निवासी बंधन भगत (50) और पुनई उरांव (60) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों बुजुर्ग रविवार को तिगरा गांव में आयोजित लोटा-पानी रस्म में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद से ही वे लापता थे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार रात ग्रामीणों ने कुएं में कुछ संदिग्ध देखा, जिसके बाद पास जाकर जांच करने पर पानी में दो शव तैरते मिले। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर पहचान की। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव अपने साथ ले गए।
यह भी पढ़ें :मर्सिडीज बोनट विवाद में बढ़ी तकरार, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
पुलिस ने दर्ज किया यूडी केस
घटना की सूचना पुलिस को तुरंत नहीं दी गई। बुधवार को मामला रातू थाना पहुंचने पर पुलिस टीम जरिया बेड़ो गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रामनरायण ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। ग्रामीणों का अनुमान है कि अंधेरे में दोनों बुजुर्ग करीब 30 फीट गहरे खुले कुएं में गिर गए होंगे। बताया जा रहा है कि कुएं के आसपास कोई सुरक्षा घेरा या रेलिंग नहीं थी, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post