Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची रेलवे स्टेशन पर RPF द्वारा चलाए गए विशेष एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने दिल्ली ले जाई जा रही दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बीती रात झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 12825 के रांची आगमन के दौरान जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक महिला दो किशोरियों के साथ संदिग्ध हालत में मिली। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रेशमा देवी (40 वर्ष), निवासी किराड़ी, दिल्ली बताया।
घरेलू काम के नाम पर दिल्ली ले जाई जा रही थीं बालिकाएं
अलग-अलग पूछताछ में दोनों बालिकाओं ने बताया कि वे बंबालकेरा गांव, थेताईटांगर थाना, जिला सिमडेगा की रहने वाली हैं और घरेलू काम के लिए दिल्ली जा रही थीं। महिला उपनिरीक्षक सुनीता तिर्की की पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रति बालिका 14-15 हजार रुपये मासिक वेतन तय था, जिसमें से 2-3 हजार रुपये कमीशन महिला लेने वाली थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी झारखंड से बालिकाओं को दिल्ली भेज चुकी है।
यह भी पढ़ें :धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस 27 फरवरी से शुरू, रांची रोड स्टेशन पर मिलेगा ठहराव
पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले
जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में गुमला थाना में आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, मानव तस्करी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। महिला के पास से स्लीपर क्लास टिकट और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। उसे गिरफ्तार कर एएचटीयू/कोतवाली थाना को सौंप दिया गया है। संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षित आश्रय गृह ‘प्रेमाश्रय’ में रखा गया है। इस ऑपरेशन में निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक सोहन लाल, महिला उपनिरीक्षक सुनीता तिर्की समेत RPF टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।
Reporter | Samachar Post