Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में मंगलवार देर रात पुलिस ने सख्त एंटी-क्राइम अभियान चलाकर शहर में हड़कंप मचा दिया। अपराध पर नकेल कसने और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से कई इलाकों में एक साथ औचक चेकिंग की गई।
SSP के निर्देश पर विशेष अभियान
यह कार्रवाई राकेश रंजन (SSP) के निर्देश पर की गई। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी के तहत अलग-अलग पुलिस टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया।
यह भी पढ़ें: रांची के चर्च रोड पर दो पक्षों में हिंसक झड़प, युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
ट्रेनी IPS साक्षी जमुआर और DSP प्रकाश सोय ने संभाली कमान
अभियान की अगुवाई ट्रेनी IPS साक्षी जमुआर और कोतवाली DSP प्रकाश सोय ने की। दोनों अधिकारी देर रात तक खुद मैदान में डटे रहे और चेकिंग की मॉनिटरिंग की। हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई।
रातू रोड और आसपास के इलाकों में सख्ती
रातू रोड समेत आसपास के इलाकों में गाड़ियों की सघन जांच की गई। देर रात तक वाहन चेकिंग अभियान चलता रहा। पुलिस ने आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध पाए जाने पर तलाशी भी ली।
होटल और लॉज में औचक छापेमारी
अभियान के दौरान रातू रोड स्थित कई छोटे-बड़े होटल और लॉज में अचानक जांच की गई। पुलिस ने विजिटर रजिस्टर की बारीकी से जांच की और कमरों में ठहरे लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया। होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना वैध आईडी के किसी को कमरा न दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।