Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार सुबह 7 बजे से जिले के 114 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो गई। शाम 5 बजे तक चलने वाली इस प्रक्रिया में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
तीन निकायों में चुनावी मुकाबला
जिले के तीन निकाय है झुमरी तिलैया नगर परिषद, कोडरमा नगर पंचायत और डोमचांच नगर पंचायत के लिए मतदान हो रहा है। अध्यक्ष पद के लिए 36 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 57 वार्डों में 263 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कई वार्डों में मुकाबला रोचक माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें :झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 : आज राज्यभर में वोटिंग
झुमरी तिलैया में सुबह से लंबी कतारें
झुमरी तिलैया नगर परिषद क्षेत्र के श्रम कल्याण परिसर स्थित वार्ड नंबर 7 के तीन बूथों पर सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी वर्गों की भागीदारी नजर आई। मतदान के बाद मतदाताओं ने उंगली पर लगी अमिट स्याही दिखाकर गर्व जताया। इस बार महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। रमजान के बावजूद कई महिलाएं सुबह-सुबह मतदान केंद्र पहुंचीं। उनका कहना है कि वे ऐसे प्रतिनिधि को चुनना चाहती हैं जो शहर में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियां सुरक्षित रखी जाएंगी और मतगणना के दिन तस्वीर साफ होगी कि नगर की कमान किसके हाथ में जाएगी। फिलहाल, पूरे जिले में मतदान शांतिपूर्वक जारी है और लोकतंत्र का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post