Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे राज्य में मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित रही। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चला। राज्यभर के 4307 मतदान केंद्रों पर औसतन करीब 61% मतदान दर्ज किया गया। दोपहर बाद कई शहरी क्षेत्रों में वोटिंग प्रतिशत में तेजी देखी गई।
प्रमुख नगर निकायों में मतदान प्रतिशत
- मेदिनीनगर नगर निगम, शाम तक 57% से अधिक मतदान
- गढ़वा नगर परिषद करीब 60% मतदान
- हजारीबाग नगर निगम 58% से अधिक मतदान
- गिरिडीह नगर निगम 54–60% के बीच मतदान
- धनबाद नगर निगम शुरुआती धीमापन, शाम तक 40%+ मतदान
- रांची नगर निगम अपेक्षाकृत धीमा रुझान, करीब 43% मतदान
यह भी पढ़ें: झारखंड बजट 2026-27: आज दोपहर 12 बजे सदन में पेश होगा 1.59 लाख करोड़ का संभावित बजट
छोटे नगर निकायों में दिखा ज्यादा उत्साह
राजमहल, बरहरवा, पाकुड़, दुमका, मिहिजाम, जामताड़ा, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, चाईबासा, आदित्यपुर, मानगो और जुगसलाई जैसे क्षेत्रों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई जगहों पर 65% से 75% तक मतदान दर्ज किया गया।
प्रशासन रहा सतर्क
चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। कुल मिलाकर, झारखंड निकाय चुनाव 2026 में शहरी मतदाताओं की भागीदारी संतोषजनक रही, हालांकि राजधानी रांची और धनबाद जैसे बड़े शहरों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।