Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन MGM Medical College and Hospital में पानी की कमी का मुद्दा सदन में जोर-शोर से उठा। विधायक ने सरयू राय सरकार से सवाल किया कि अस्पताल में लगातार पानी की समस्या क्यों बनी हुई है और इसका स्थायी समाधान कब तक होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने माना – पानी की समस्या है
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जवाब देते हुए स्वीकार किया कि अस्पताल में पानी की दिक्कत वास्तविक है। उन्होंने बताया कि पुरानी बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है और नई बिल्डिंग ऊंचाई पर बनने के कारण पानी की सप्लाई में समस्या आ रही है। मंत्री ने कहा कि डीप बोरिंग कराई गई है, लेकिन अभी तक पूरी तरह समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या को दूर किया जाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा, “जब अस्पताल का उद्घाटन हुआ था, तब मैं मंत्री नहीं था, लेकिन अब पूरी जानकारी लेकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करूंगा।”
यह भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा : अंचल कार्यालयों की सुस्ती पर सदन में हंगामा, मंत्री बोले-राइट टू सर्विस लागू
प्रसव वार्ड की अव्यवस्थाओं पर चिंता
विधायक पूर्णिमा साहू ने भी एमजीएम अस्पताल के प्रसव वार्ड में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं अस्पताल जाकर हालात का निरीक्षण करें।
बजट सत्र में स्वास्थ्य सेवाएं चर्चा के केंद्र में
बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। अब देखना होगा कि सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन जमीनी स्तर पर कब तक अमल में आते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।