Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड सरकार ने बजट 2026 में स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने हेल्थ सेक्टर के लिए 7,990 करोड़ 30 लाख रुपये का प्रावधान किया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और गंभीर बीमारियों की रोकथाम इस बजट की प्राथमिकता है।
कैंसर पर खास फोकस, 200 करोड़ अलग से
राज्य में पिछले दस वर्षों में कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है, खासकर महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के मामलों में इजाफा दर्ज किया गया है। इसे देखते हुए कैंसर रोकथाम के लिए 200 करोड़ रुपये अलग से आवंटित। राज्य के पांचों सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में PET-CT स्कैन मशीन लगाई जाएगी। सभी 24 जिला सदर अस्पतालों में मैमोग्राफी मशीन स्थापित होगी, ताकि ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान हो सके। सभी मेडिकल कॉलेजों में कैथलैब की स्थापना की योजना।
मेडिकल शिक्षा में बड़ा विस्तार
सरकार ने मेडिकल शिक्षा को भी मजबूती देने की घोषणा की है अगले वर्ष सरकारी मेडिकल कॉलेजों (रिम्स सहित) में 220 MBBS सीटें बढ़ेंगी। चार वर्षों में MBBS सीटों को 1,030 से बढ़ाकर दोगुना करने का लक्ष्य। PG सीटें 225 से बढ़ाकर अगले वर्ष 325 और चार वर्षों में 750 तक करने की योजना।
यह भी पढ़ें :राधाकृष्ण किशोर का दावा : “गरीबों के आंसू पोंछेगा और झारखंडवासियों के चेहरे पर मुस्कान लाएगा यह बजट”
अबुआ दवाखाना’ योजना से सस्ती दवा
राज्यभर में 750 ‘अबुआ दवाखाना’ खोलने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। PPP मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेजों के विस्तार की योजना:
- पहला चरण: धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और खूँटी के सदर अस्पतालों को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा।
- दूसरा चरण: लातेहार, साहेबगंज और सरायकेला-खरसावां को शामिल किया जाएगा।
सरकार ने मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन एवं रख-रखाव योजना और अस्पताल कायाकल्प योजना के माध्यम से अस्पतालों की स्थिति में लगातार सुधार का भरोसा जताया है। कुल मिलाकर, बजट 2026 में स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल शिक्षा और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया है।
Reporter | Samachar Post